सरधना। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को प्रेमी ने आपत्तिजनक शब्द लिखे पोस्टर जगह-जगह चिपका दिए। इसका पता चलते ही युवती के परिजनों ने ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद गांव में जुलूस निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी युवक और मारपीट के आरोप में एक ग्रामीण को चालान कर जेेल भेज दिया।
दिल्ली निवासी युवक का कहना है कि सरधना क्षेत्र निवासी युवती तीन साल पहले दिल्ली में अपनी रिश्तेदारी में आई थी। तभी उसका युवती से प्रेम संबंध हो गया। वह युवती से मिलने कई बार गांव आ चुका है। वेलेंटाइन डे पर भी वह मिलने आया था। तब भी ग्रामीणों और परिजनों ने उससे मारपीट की थी। युवक ने कई लोगों के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी थी। युवक ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। उसकी पत्नी और परिजन उसे दूसरी शादी करने से मना नहीं कर रहे हैं, इसलिए वह युवती से शादी करना चाहता है। बुधवार को युवक गांव में पहुंचा और युवती से संबंधों को लेकर शोर मचाने लगा। इसके बाद उसने आपत्तिजनक शब्द लिखे पोस्टर चिपका दिए। इसका पता चलते ही युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की और जुलूस निकाला। युवक ने फिल्मी अंदाज में कहा कि उसने भी हीर रांझा और लैला मजनूं फिल्में देखी हैं। इसलिए वह पिटाई से हिम्मत नहीं हारेगा, जब भी मौका मिलेगा युवती से मिलने आता रहेगा। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को थाने लेकर आ गई। थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक का कहना है आरोपी युवक और एक ग्रामीण को मारपीट के आरोप में चालान कर भेज दिया है।