मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक फिजियोथेरेपिस्ट से 50 हजार रुपये रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने में आया है। पीड़ित ने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पांडवनगर निवासी फिजियोथेरेपिस्ट राकेश सिंह का सूर्यनगर में फिजियोथैरेपी सेंटर है। राकेश के अनुसार पांच दिन पूर्व उनके सेंटर पर एक महिला उपचार के लिए पहुंची। महिला को कमर दर्द की शिकायत थी। उन्होंने उपचार किया और महिला चली गई। अगले दिन महिला फिर आयी और फिर उपचार कराकर लौट गई। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वही महिला अपने साथ करीब 10-15 युवक लेकर सेंटर पर पहुंची और अभद्रता करनी शुरू कर दी। वहां उपचार करा रहे एक मरीज ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की तो युवकों ने उसके साथ हाथापाई कर दी। वह इस मारपीट से घबरा गए और युवकों के सामने हाथ जोड़कर बोले कि अगर उनसे कोई गलती हुई है तो वह माफी मांगते हैं। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने उनकी वीडियो बना ली। युवक महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगा हंगामा करने लगे। इसके बाद वह भुगतने की धमकी देकर लौट गए।
इस घटना के कुछ देर बाद ही एक शख्स ने उनके पास कॉल कर कहा कि उसके पास उनकी क्लिप है जिसमें वह महिला से छेड़छाड़ की घटना के बाद माफी मांगता दिख रहा है। अगर वह चाहता है कि वीडियो वायरल न हो तो उन्हें 50 हजार रुपये दे। उसके बाद आरोपी ने उनके व्हाट्स एप पर मेसेज भेजकर धमकी दी। जिसके बाद इसकी शिकायत एसएसपी से की गई। इसी दौरान रंगदारी मांगने वाले बदमाश की फिर कॉल आई तो उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को सूचना देते हुए उसे जेल चुंगी बुला लिया। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को दबोच लिया, जिसने अपना नाम जितेंद्र निवासी जयभीमनगर बताया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन के मुताबिक फिजियोथेरेपिस्ट की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।