मवाना में परचून की दुकान में विस्फोट, मां-बेटे झुलसे
मवाना। क्षेत्र में पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर परचून की दुकान में विस्फोट हो गया। हादसे में दुकानदार और उसकी मां झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस बिना जांच और कार्रवाई के लौट गई।
नगर में मुख्य मार्ग पर पंचायती धर्मशाला में विकास की परचून की दुकान है। सुबह करीब 10:30 बजे विकास और उसकी मां सावित्री दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दुकान के अंदर जोरदार विस्फोट हुआ। इससे दुकान का सामान बिखर गया। इसकी चपेट में आने से विकास के हाथ, पैर और मुंह झुलस गया। मां ने बताया कि विकास के कपड़ों में लगी आग को बुझाने में उसके हाथ झुलस गए। घायल विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सावित्री ने बताया कि विस्फोट दुकान में रखे इनवर्टर की बैटरी में हुआ। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि मौके पर गए थे, वहां कुछ नहीं मिला।
चार माह पहले तीन लोगों की गई थी जान
गांव रसूलपुर में चार माह पूर्व दीपावली से पहले घर में रखी आतिशबाजी में आग लगने से एक परिवार के तीन लोगों की जान चली गई थी। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। यहां भी पुलिस की लापरवाही सामने आई थी। इस मामले में पुलिस चौकी प्रभारी और एक सिपाही पर कार्रवाई भी हुई थी।