शांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में जैन मुनि ने दिया प्रवचन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। असौड़ा हाउस 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में मुनि प्रतीक सागर महाराज ने मंगल प्रवचन में कहा कि अगर किसी का मन अशांत हो और उसे अच्छी बात बताई जाए तो वह भी उसे बुरी ही लगेगी।
उन्होंने समझाया कि मन में शुद्धता व सद्भाव न होने पर सच्ची बातें भी कड़वी लगती हैं। जैसे गंदे पात्र में शुद्ध जल अशुद्ध प्रतीत होता है। व्यक्ति को पहले मन को निर्मल व शांत बनाना चाहिए। तभी हर वाणी व व्यक्ति में अच्छाई दिखेगी।समाज सेवा पर जोर देते हुए मुनि ने कहा यदि समाज का कोई कार्य हो तो हमें सबको एकजुट होकर उसे करना चाहिए। हमारी पहचान समाज से ही होती है। व्यक्ति की सफलता तभी सार्थक जब वह समाज के लिए उपयोगी बने। एकता, सहयोग व समर्पण ही वास्तविक धर्म है। मंदिर परिसर में विनोद जैन, मनोज जैन, संजय जैन, कपिल जैन, राकेश जैन, पूनम जैन, नितिन जैन, कमल जैन, नीलू जैन आदि रहे।