सहारनपुर में मंगलवार को बीएसपी सुप्रीमो मायावती के पहुंचने से पहले ही राजपूतों के बिटौड़े व गलियों में आग लगा दी गई। राजपूतों ने भीम आर्मी के लोगों पर आरोप लगाया कि इन्होंने पहले हंगामा कि और फिर बिटौड़े में आग लगा दी। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। हालांकि डीएम व एसएसपी ने भारी पुलिसफोर्स के साथ पहुंचकर मामले को शांत कराया। इतना ही नहीं बल्कि मामले में कार्रवाई भी शुरू कर दी। मायावती के दौरे से ठीक पहले ही सहारनपुर में हंगामा हो गया। वहीं शब्बीरपुर में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
राजपूतों की गलियों में लगाई आग
राजपूतों की गलियों में लगाई आग
बता दें कि सहारनपुर में सड़क दूधली बवाल व शब्बीरपुर की जातीय हिंसा के बाद जैसे हालात पैदा हुए हैं उसमें दलितों की दुखती रग पर हाथ धरने को बसपा सुप्रीमो मायावती आज यानी मंगलवार को सहारनपुर आ रही हैं। लेकिन उनके आने पहले ही शब्बीरपुर का माहौल बिगड़ गया। शब्बीरपुर में दलितों पर हुए उत्पीड़न का मुद्दा उछाल कर बसपा अपने बेस वोट को खिसकने नहीं देना चाहती है। अब तक सोशल इंजीनियरिंग में दलित मतों के साथ जातीय समीकरण फिट करने में जुटी बसपा सहारनपुर के जरिए दलित-मुस्लिम गठजोड़ की संभावनाओं को भी टटोलेगी। कुल मिलाकर शब्बीरपुर दौरे के पीछे पूर्व मुख्यमंत्री मायावती अपने मजबूत गढ़ से विरोधियों का किला भेदने की तैयारी भी करेंगी।