हादसों के बाद भी अवैध कारोबार से तौबा नहीं
सरधना। क्षेत्र में अवैध रूप से आतिशबाजी तैयार करने वाले कई परिवार अपनों को खो चुके हैं। इसके बावजूद उन्होंने कारोबार से तौबा नहीं की। मोहल्ला पीरजादगान निवासी कासिम की बृहस्पतिवार को मकान में हुए विस्फोट के दौरान मौत हो गई। उसके दादा घसीटू नामचीन आतिशबाज थे। करीब बीस साल पहले इसी तरह के हादसे में कासिम की मां समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भी परिजनों ने यह अवैध कारोबार नहीं छोड़ा। मोहल्ला मंडी चमारान में अवैध विस्फोटक सामग्री तैयार करते पकड़े गए सद्दाम का परिवार 2004 में कस्बे में आया था। वह ईदगाह रोड नई बस्ती में किराए के मकान में रहते थे। एक वर्ष पूर्व हुए धमाके में पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया था। सद्दाम की मां इमराना व पिता सलीम की मौत हो गई थी। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। सद्दाम ने बताया कि उसके चार भाई हैं। दो श्याम नगर में रहते हैं। पूर्व में लाइसेंस लेकर पटाखे बनाते रहे हैं। संवाद