- व्यापारियों ने पालिका से संबंधित समस्याओं के संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह के नेतृत्व में बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के समाधान की मांग की।
व्यापार मंडल के संरक्षक शैवाल दुबलिश ने बताया कि नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी को व्यापारियों ने अनेकों बार कॉल की लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। तब व्हाट्स एप पर भी मेसेज भेजे और मिलने का समय मांगा तो उनका कोई जवाब नहीं आया। ऐसे में नगर पालिका द्वारा जो सेवाएं नगर की जनता को मिलनी चाहिए वह नहीं मिल पा रही हैं।
डाकखाने वाली गली में वाटर एटीएम लगा है। वह पानी ठंडा नहीं कर रहा है। तहसील के बाहर और एसडीएम कार्यालय के सामने जो शौचालय हैं वह क्षतिग्रस्त हैं और सफाई की व्यवस्था बिल्कुल खराब है। नगर में जितने भी एटीएम लगे हैं गर्मी को देखते हुए उन सब की तुरंत स्क्रीनिंग कराई जाए और जो खराब हैं तुरंत ठीक कराया जाए। एसडीएम ने ईओ को कॉल करके उपरोक्त समस्याओं का समाधान व व्यापारियों से मिलने का निर्देश दिया।