- देश भर से आए 150 से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। भारतीय शिक्षा पद्धति और प्राचीन संस्कारों के प्रमुख केंद्र गुरुकुल प्रभात आश्रम टीकरी में नए सत्र (2026-27) के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रवेश परीक्षाओं का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 1 अप्रैल से शुरू हुई यह चयन प्रक्रिया रविवार शाम अंतिम सत्र के साथ पूरी हुई।
पांच दिवसीय चयन प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। गुरुकुल प्रबंधन द्वारा चयन के लिए कड़े मानक निर्धारित किए गए थे, जिसमें छात्रों की केवल बौद्धिक क्षमता ही नहीं, बल्कि उनकी मानसिक दृढ़ता, शारीरिक स्वास्थ्य और ऊर्जा स्तर का भी सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। ज्ञान और तार्किक क्षमता को परखने के लिए प्रतिदिन दो सत्रों में लिखित एवं मौखिक परीक्षाएं आयोजित की गई।
आश्रम के आचार्यगणों ने छात्रों की परीक्षा ली और उनके अभिभावकों के साथ सीधा संवाद कर उन्हें गुरुकुल की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। गुरुकुल के कुलाधिपति स्वामी विवेकानंद सरस्वती ने बताया कि इस वर्ष प्रवेश के लिए विशेष रूप से पांचवीं कक्षा का स्तरीय पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। यहां प्रवेश पाने वाले छात्र प्राचीन वेदों की शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान और तकनीक का भी ज्ञान प्राप्त करेंगे। प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम जल्द ही घोषित किए जाएंगे।