दौराला। कस्बे के वार्ड-9 में घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सोनू कुमार ने थाने पर दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह डेयरी से दूध की सप्लाई करता है। उनका आरोप है कि उनका परिचित कपिल निवासी परी वाला जोहड़ से कुछ समय पहले रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने उनसे करीब 60 हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि एक मार्च की सुबह कपिल हाथ में लाठी और चाकू लेकर उनके घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने पीड़ित की पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की की और मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी धमकी देकर भाग निकला। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।