दौराला। सरसवा गांव में शुक्रवार शाम पड़ोसियों ने घर में घुसकर एक परिवार पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित पक्ष ने छह लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी में नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार देर रात घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके भाई जगपाल सिंह और तनु पर पड़ोसी कुक्कू, राकेश, सतीश, रवित, मंदर और विकेश ने घर में घुसकर हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटा, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित नरेंद्र ने दौराला थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।