दिल्ली-एनसीआर से चोरी हुई गाड़ियों के इंजन सोतीगंज में मिले
मेरठ। सोतीगंज से बरामद इंजनों की जांच फोरेंसिक टीम ने शुरू कर दी। दिल्ली और एनसीआर से चोरी होने वाली गाड़ियों के इंजन सोतीगंज में मिले हैं। जिसमें पांच गाड़ियों का मिलान हो चुका है। फोरेंसिक की टीम सदर थाने में अभी इंजनों की जांच करने में ली हुई है।
पुलिस ने दो दिन पहले सोतीगंज में छापा मारकर करीब 118 कार और बाइक के इंजन बरामद किए थे। यहां 18 गोदाम सील किए गए। पुलिस ने अब बरामद इंजनों की जांच करने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। फोरेंसिक टीम ने 15 से इंजन की जांच की, जिसमें पांच इंजन चोरी की गाड़ियों के बताए है।
पुलिस का दावा कि नोएडा से एक बाइक, एक कार, दिल्ली से दो बाइक और एक कार दो माह के अंतराल में चोरी हुई थी, जिनके इंजन सोतीगंज में मिले हैं। अभी फोरेंसिक टीम अन्य इंजनों की जांच करने में लगी है। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट के बाद पुलिस जांच करेगी और फिर आरोपी कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया है कि सोतीगंज के कबाड़ियों पर शिकंजा कसने के लिए पुख्ता सुबूत की जरूरत है। जो इंजन सोतीगंज में कबाड़ियों के गोदाम से मिले हैं, उनकी जांच फोरेंसिक टीम कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद एक साथ कबाड़ियों पर कार्रवाई करेंगे।