मेरठ। हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नगर निगम की टीम एक बार फिर भगत सिंह मार्केट का अतिक्रमण नहीं हटा सकी। टीम व्यापारियों को दो दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देकर लौट आई। अब दो दिन बाद अभियान चलाने की बात कही गई है।
हाईकोर्ट ने जनहित याचिका पर भगत सिंह मार्केट और हापुड़ अड्डे का अतिक्रमण हटाने को लेकर जिलाधिकारी से 14 दिसंबर तक जवाब मांगा है। इसके चलते नगर निगम और जिला प्रशासन पर अतिक्रमण हटाने का दबाव है। निगम टीम ने व्यापारियों को खुद अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देते हुए नोटिस चस्पा कर दिए थे। सोमवार को निगम की संपत्ति विभाग की टीम और प्रवर्तन दल पूरी तैयारी के साथ भगत सिंह मार्केट पहुंच गया। लेकिन टीम को पुलिस बल नहीं मिल सका।
काफी देर तक टीम पुलिस का इंतजार करती रही। इस बीच व्यापारियों ने सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र कुमार से दो दिन का समय दिए जाने की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने दो दिन में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि पुलिस बल न मिलने पर अभियान नहीं सका। पुलिस बल मिलते ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर दी जाएगी।
पता था इसलिए गायब हुए
अतिक्रमण की कार्रवाई के डर से काफी व्यापारियों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटा लिया था। वहीं, रेहड़ी और ठेले वाले भी गायब हो गए थे। सभी को पता था कि सोमवार को बड़ी कार्रवाई होने जा रही है।