सहारनपुर के नकुड़ में बाइक सवार दो बदमाशों ने चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर बदमाशों को गांव नीची नकुड़ के पास घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा भाग गया। एक दरोगा को भी गोली लगी है। दोनों को जिला चिकित्सालय भर्ती कराया है। सूचना पर पहुंचे एसपी देहात की अगुवाई में कई थानों की पुलिस ने दूसरे बदमाश की तलाश में घंटों कांबिग की, लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका।
मुठभेड़ की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने बताया कि सोमवार की रात नकुड़ कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ नकुड़ बस अड्डे पर स्थित पेट्रोल पंप के पास रूटीन चेकिंग कर रहे थे। रात करीब पौने दस बजे पुलिस ने सहारनपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार दो लोगों को जैसे ही रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और शाहजहांपुर रोड की ओर भाग गए। पुलिस ने पीछा कर नकुड़-शाहजहांपुर रोड पर गांव नीची नकुड़ के पास बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाश बाइक सड़क पर छोड़ एक बाग में घुस गये और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें एसआई अजय कुमार गौड़ कंधे में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश ओमपाल पुत्र हजारी सिंह निवासी हसनपुर लुहारी थानाभवन भी घुटने में गोली लगने से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग हो गया। सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि पकड़े गए बदमाश से 32 बोर का एक पिस्टल, पांच कारतूस तथा बाइक जिसमें 315 बोर का एक कारतूस बरामद हुआ है। घायल दरोगा और पकड़े गए बदमाश का जिला में इलाज चल रहा है।
पढ़ें : Encounter : स्विफ्ट गाड़ी, हाथ में पिस्टल... पुलिस ने ढेर किया इनामी बदमाश