सहारनपुर में पेशी से लौटते समय बृहस्पतिवार को गागलहेड़ी में पुलिस कस्टडी से फरार शातिर बदमाश शमशाद को रविवार रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, उसका साथी फरार हो गया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। शमशाद पर हत्या, लूट, डकैती, अपहरण जैसी संगीन वारदातों के करीब 38 मामले दर्ज थे। पुलिस ने उसके पास से दो पिस्टल, बाइक और मोबाइल बरामद किया है। शमशाद थाना बिहारीगढ़ के गांव शेरपुर का रहने वाला था और 2015 से देवबंद जेल में बंद था। बृहस्पतिवार को विकासनगर से पेशी से लौटते समय गागलहेड़ी तिराहे से उसे उसके साथी छुड़ाकर फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार रविवार रात को नानौता में देवबंद फाटक पर चेकिंग के दौरान बाइक पर जा रहे दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया तो फायर करते हुए वे रामपुर मनिहारन की ओर भागे। करीब 1.15 बजे सहारनपुर में हसनपुर चौकी पर चेकिंग कर रही सदर कोतवाली पुलिस ने दोनों बदमाशों को आता देख रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश सर्किट हाउस रोड की ओर भाग लिए। सदर पुलिस ने अन्य थाना पुलिस एवं स्वाट टीम को अलर्ट कर दिया। दोनों बदमाश सर्किट हाउस रोड से खलासी लाइन की ओर मुड़ गए, जहां सामने से स्वाट टीम और पीछे से सदर कोतवाली पुलिस ने घेर लिया। दोनों ओर से लगभग करीब पांच-पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें शमशाद घायल हो गया और उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। क्रास फायरिंग में स्वाट टीम की गाड़ी का चालक अरुण कुमार और सदर कोतवाली के उप निरीक्षक अरुण पंवार को भी गोली लगी। घायल बदमाश शमशाद और दोनों पुलिसकर्मियों जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां शमशाद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पुलिसकर्मियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है।
पढ़ें : Encounter : पुलिस कस्टडी से भागा बदमाश मुठभेड़ में ढेर, एक घायल