फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर, जांबाज अफसरों ने 5 बदमाशों को मारी गोली, तमंचे बरामद

Sat, 24 Nov 2018 09:25 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
यूपी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर का सिलसिला जारी है। शनिवार को मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बागपत तीनों जिलों में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इन तीनों मुठभेड़ों में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जहां मुजफ्फरनगर पुलिस ने तीन बदमाशों के पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया है तो वहीं सहारनपुर और बागपत पुलिस ने एक- एक बदमाश को दबोचा है। इन दोनों बदमाशों के पैर में भी गोली लगी है।  

विज्ञापन


मुजफ्फरनगर में नेशनल हाईवे पर हरिद्वार से दिल्ली के लिए चला थर्माकोल लदा कैंटर लूटने वाले तीन बदमाश चंद घंटों बाद ही पुलिस मुठभेड़ में दबोच लिए गए। तीनों लुटेरे पुलिस की गोलियों से घायल हुए हैं, जबकि उनके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने लुटेरों के कब्जे से लूटे गए कैंटर के साथ ही एक पर्स, तीन तमंचे, कारतूस व लुटेरों का भी एक ट्रक बरामद किया है। 

नई दिल्ली के संगम विहार निवासी कैंटर चालक संजीव कुमार शुक्रवार रात हरिद्वार से लाखों कीमत का थर्माकोल लेकर दिल्ली के लिए चला था। तड़के करीब 3.45 बजे चालक संजीव ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि ट्रक सवार छह बदमाशों ने हाईवे पर बीबीपुर चेकपोस्ट के पास स्थित ढाबे पर उसका कैंटर रुकवाने के बाद लूट लिया है। बदमाश संजीव का पर्स भी लूट ले गए, जिसमें 1600 रुपये थे। हाईवे पर लूट की सूचना मिलते ही सीओ मंडी योगेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर नई मंडी हरसरण शर्मा टीम के साथ हाईवे पर निकल पड़े। पीड़ित से पूछताछ के बाद पुलिस ने लुटेरों की तलाश में हाईवे के साथ ही संपर्क मार्गों पर भी चेकिंग शुरू कर दी।

विज्ञापन

एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि इसी दौरान पचेंडा रोड बाईपास के निकट एक कैंटर व एक ट्रक खड़े मिले, जिनमें से कुछ लोग कैंटर से माल उतारकर ट्रक में लोड कर रहे थे। यह देख पुलिस टीम ने लुटेरों को घेरकर उनसे सरेंडर करने के लिए कहा, जिस पर लुटेरों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। यह देख पुलिस ने लुटेरों की घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद लुटेरों की तरफ से फायरिंग बंद हो गई। 

इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां तीन बदमाश घायलावस्था में पड़े मिले। उनके पैरों में गोलियां लगीं थीं। मौके से तीन तमंचों के साथ ही कारतूस व खोखे भी बरामद किए गए। इसके साथ ही संजीव कुमार से लूटे गए कैंटर के साथ ही उसका पर्स और एक अन्य ट्रक भी बरामद किया गया, जो लुटेरों का बताया गया। 

एसपी सिटी ने बताया कि मुठभेड़ में दबोचे गए लुटेरे हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर खिचड़ा निवासी साबिर पुत्र मोबीन, साजिद पुत्र इलियास और जाहिद पुत्र नूर मौहम्मद हैं। वहीं, तीन लुटेरे फरार हो गए, जिनकी पहचान हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव बझेड़ा निवासी रौनक पुत्र ताहिर व तइकबाल पुत्र इंतजार और गांव देहरा निवासी आस मौहम्मद पुत्र महफूज के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लुटेरे शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

सहारनपुर में थाना सरसावा पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने पर घायल हुए बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। आरोपी के पास से चार बैटरी के अलावा तमंचा और कारतूस बरामद हुए। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों की तरफ से फायरिंग करने पर थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए। गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। 
 
एसएसपी दिनेश कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गुरुवार रात गांव कुतुबपुर में लगे निजी टेलीकॉम कंपनी के टॉवर से बैटरी चोरी कर ली गई थीं। इसकी रिपोर्ट कंपनी के टेक्निशियन सचिन कुमार ने थाना सरसावा में दर्ज कराई थी। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगाई गईं। शुक्रवार रात थाना सरसावा पुलिस गश्त कर रही थी। क्षेत्र में अंबाला रोड पर मानव ढाबे के निकट कच्चे रास्ते पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि बदमाशों की गोली थाना प्रभारी आदेश त्यागी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। मौके से एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
विज्ञापन

आरोपी के पास तमंचा, चार कारतूस, बाइक और चार बैटरी बरामद हुए है। गिरफ्तार आरोपी शमशेर निवासी गांव गोठड़ा कोतवाली गंगोह का रहने वाला है। शमशेर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके साथी को तलाश किया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम में थाना प्रभारी के साथ उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार, सौरभ, अंकुर तोमर, अनूप कुमार शामिल रहे।  

वहीं बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस की बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों की जांबाज अफसरों ने घेराबंदी कर ली। इस दौरान पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। 

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें