ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग ने अजगर काे पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। रजपुरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव हसनपुर कद्दीम में शुक्रवार को दोपहर के समय अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया जब एक विशालकाय अजगर खेत से निकलकर सीधे आवासीय बस्ती की ओर बढ़ने लगा। ग्रामीणों ने सूझबूझ और वन विभाग की तत्परता से अजगर को पकड़कर वन सेंक्चुअरि क्षेत्र में छोड़ दिया।
शुक्रवार की दोपहर हसनपुर कद्दीम निवासी अनुज पुत्र जब्बार सिंह अपने ईख के खेत में घुसा तो उसे एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। उसने तुरंत गांव की ओर रुख करते हुए ग्रामीणों को इसी सूचना दी। ग्रामीण एकत्र होकर खेत की ओर गए तो देखा कि अजगर खेत से निकलकर आवासीय घरों की ओर आ पहुंचा है और घर में घुसने की कोशिश कर रहा है। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह अजगर को एक जगह घेराबंदी कर काबू कर लिया और वन विभाग की टीम को सूचना दी।
सूचना पर वन विभाग कर्मी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। दिनेश कुमार ने बताया कि इस अजगर को वन सेंक्चुअरि हस्तिनापुर क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।