एलिट क्लब के स्थापना दिवस समारोह में उपस्थित पदाधिकारी व सदस्य। (मवाना।
- जरूरतमंद बच्चों को बांटी पठन-पाठन सामग्री वितरित की
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। बाईपास स्थित जैन शिकंजी परिसर में एलिट क्लब के दो वर्ष पूर्ण होने पर वार्षिक बैठक एवं स्थापना दिवस समारोह आयोजित हुआ। जरूरतमंद बच्चों को पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई।
शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ हुआ। क्लब की दो वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा की गई और संगठन के विस्तार, सदस्यों में आपसी समन्वय और सामाजिक शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा देने पर मंथन हुआ।
क्लब अध्यक्ष दिव्या अग्रवाल ने कहा कि संस्था की सफलता सदस्यों की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। भविष्य में सेवा प्रकल्पों को और व्यापक बनाया जाएगा। सचिव ईशा कौशिक ने बीते वर्ष के सेवा कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए आगामी वर्ष की कार्य योजनाएं सामने रखीं। स्थापना दिवस के अवसर पर क्लब ने जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क किताबें, कॉपियां, स्टेशनरी और स्कूल ड्रेस वितरित की।
इस मौके पर उपाध्यक्ष साक्षी गोयल, उपसचिव सविता मित्तल, कोषाध्यक्ष रीना राजवंशी, सह संयोजक कल्पना गर्ग और रेणु कंसल सहित कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने आगामी वर्ष में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, पौधरोपण अभियान और कॅरिअर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।