सहारनपुर। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसमें बाधा बन रहे विद्युत खंभों को दूसरे स्थानों पर लगाने और बिजली के तारों पर पड़ी टहनियों की छंटाई के लिए दो बिजलीघरों से चार घंटे शटडाउन लिया गया, लेकिन छह घंटे बाद 31 इलाकों की विद्युत आपूर्ति सुचारु हो सकी। ऐसे में एक लाख आबादी को गर्मी में परेशान होना पड़ा है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा देहरादून चौक, देहरादून रोड सहित महानगर की कई इलाकों की सड़कों का चौड़ीकरण कराया जाना प्रस्तावित है। इसके तहत शुक्रवार को देहरादून चौक के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हुआ है। सबसे पहले चौड़ीकरण में कुछ जगहों पर बाधा बन रहे बिजली के खंभों को दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने विद्युत निगम के अधिकारियों को शटडाउन लेने के लिए कहा था। इस पर विद्युत निगम ने ट्रांसपोर्टर नगर और जनकनगर बिजलीघर से सुबह आठ से 12 बजे तक का शटडाउन लिया। इसके साथ ही बिजली के तारों पर पड़ी पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराई।
विद्युत निगम ने चार घंटे में विद्युत सप्लाई शुरू होने का दावा किया था, लेकिन छह घंटे बाद दो बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हुई है। ऐसे में 20 इलाकों की एक लाख की आबादी को गर्मी में मुसीबत झेलनी पड़ी है। पूर्व में कई बार शटडाउन लिया जा चुका है, लेकिन एक साथ सभी कार्य न कराने पर लोगों को बार-बार परेशान होना पड़ता है।
-
इन इलाकों की विद्युत आपूर्ति रही बाधित
महानगर में माधोनगर, नई बस्ती, नूर बस्ती, मोहल्ला छिपियान, बेहट रोड, सुक्खुपुरा, जवालानगर, बेरीबाग, शक्ति नगर, गढ़ीमलूक, नवाबगंज चौक, खानआलमपुरा, देहरादून चौक, देहरादून रोड, कंपनी बाग, जनता रोड, टीपीनगर, जेल चुंगी, माहिपुरा, चकहरेटी, हुसैन बस्ती, प्रेमपुरी कॉलोनी, हनुमाननगर, भगवती कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति चार घंटे बाधित रही।
लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य जा रहा है। इसमें बाधा बन रहे खंभों को दोनों विभाग ने संयुक्त रूप से दूसरी जगहों पर लगाया है। बिजली के तारों से पेड़ों की टहनियां हटवाई गई हैं। समय रहते विद्युत आपूर्ति सुचारु करा दी गई।-अविनाश कुमार, अधिशासी अभियंता द्वितीय विद्युत निगम