मुख्य अभियंता विद्युत वितरण मुनीश चोपड़ा को ज्ञापन देते संविदा विद्युत कर्मचारी। स्रोत : संवाद।
अपनी मांगों को लेकर बुधवार से पीवीवीएनएल के संविदा कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी। इस हड़ताल के कारण बिजली की लाइनों में हुए फाल्ट ठीक नहीं होने से सुबह सात बजे से पांच बजे तक बिजली सप्लाई ठप रही।
शारदा रोड निवासी मनीष धानुक ने बताया कि लगभग सुबह सात बजे मंदिर के पास बंदर की उछलकूद के कारण बिजली का तार टूट गया। इससे एक मोहल्ले के लगभग 20 घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इससे लोगों को पीने के पानी की भी परेशानी हो गई। मोहल्ले के लोगों ने इसकी शिकायत बिजलीघर पर की लेकिन बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल पर होने की बात कहकर आने से मना कर दिया। शाम को फिर से मोहल्ले के लोग बिजलीघर पहुंचे और गर्मी में बिजली नहीं होने का हवाला दिया। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने जाकर तार जोड़ा और बिजली आपूर्ति शुरू हुई। लोगों ने विद्युत कर्मचारियों की लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त किया और अधिकारियों से व्यवस्था सुधारने की मांग की। इसी तरह से शताब्दीनगर में भी कई घंटे तक बिजली सप्लाई बंद होने से लोग परेशान रहे। उधर निविदा संविदा कर्मचारी सेवा समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।