सरधना। कांवड़ यात्रा मार्ग पर बुधवार को दोपहर के समय ड्यूटी पर जा रहे ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को सरधना पुल पर एक पुलिसकर्मी ने रोक लिया। कर्मचारियों का आरोप है कि परिचय देने और कार्य से अवगत कराने के बावजूद न केवल उन्हें जाने से रोका गया, बल्कि उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। घटना से नाराज होकर अन्य बिजलीकर्मी मौके पर पहुंच गए और विरोध स्वरूप सरधना व नानू गंगनहर पुलिस चौकी की बिजली आपूर्ति काट दी। दोनों चौकियों पर इन्वर्टर के सहारे काम चल रहा है। बिजली निगम के जेई ने थाने में तहरीर देकर कांवड़ मार्ग पर बिजलीकर्मियों को हो रही परेशानी के समाधान की मांग की है।
गंगनहर बिजलीघर चौधरी चरण सिंह गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर स्थित है। इसी विद्युत स्टेशन से देहात क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जाती है। कांवड़ यात्रा के चलते यदि कहीं फॉल्ट हो जाता है तो बिजलीकर्मियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करनी होती है, लेकिन बीते कुछ दिनों से गंगनहर के पुलों पर पुलिसकर्मी कर्मचारियों की आवाजाही को रोक रहे हैं। अभद्रता की शिकायतें भी सामने आई हैं।
बुधवार को लाइनमैन जब बिजलीघर की ओर जा रहे थे, तभी सरधना गंगनहर पुल पर उन्हें पुलिसकर्मी द्वारा रोका गया। बिजलीकर्मियों ने उन्हें अपना परिचय दिया और बिजलीघर से संबंधित कार्य बताया। बावजूद इसके उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया। विरोध करने पर कथित तौर पर उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।
पुलिस चौकियों की आपूर्ति की ठप
घटना की जानकारी मिलते ही अन्य बिजलीकर्मी मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। उन्होंने गंगनहर पुलिस चौकियों पर हो रहे व्यवहार की शिकायत उच्च अधिकारियों से की और प्रदर्शन करते हुए सरधना व नानू गंगनहर पुलिस चौकी की बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
जेई ने की समाधान की मांग
बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है, जिसमें कांवड़ यात्रा के दौरान बिजलीकर्मियों को आवश्यक कार्यों के लिए बाधा न पहुंचाने और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस संबंध में जानकारी कराई जा रही है। सभी विभागाें के साथ समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराई जाएगी। - राकेश कुमार मिश्रा, एसपी देहात