सिखेड़ा/जानसठ/मवाना। पानीपत-खटीमा हाईवे पर सिखेड़ा क्षेत्र में फ्लाईओवर पर जाते समय बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में घायल बाइक सवार की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह मवाना में विद्युत निगम के कार्यालय में बाबू कार्यरत थे।
मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी की अवध विहार कॉलोनी निवासी अंकित बालियान (35) पुत्र जसवीर सिंह मवाना में बिजली निगम के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में कार्यालय सहायक थे। बृहस्पतिवार को अकेले बाइक पर मवाना जा रहे थे। सिखेड़ा क्षेत्र में फ्लाईओवर पर किसी वाहन की टक्कर से टक्कर लगने के बाद उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मवाना कार्यालय में कार्यरत साथी कर्मचारी कपिल देव ने बताया कि जैसे ही अंकित बालियान की दुर्घटना में मौत का पता चला तो कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने हेलमेट भी लगाया हुआ था। किसी अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मारी।