संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सरूरपुर थाना क्षेत्र में बिजली चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गांव दुर्जनपुर और रामपुर मोती के जंगल में चोरों ने करीब 20 विद्युत खंभों से तार चोरी कर लिए। बुधवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को घटना की जानकारी हुई। किसानों ने तुरंत ऊर्जा निगम के अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों के अनुसार चोरी हुए विद्युत तारों की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
दुर्जनपुर और रामपुर मोती के जंगल में लगी विद्युत लाइन से मंगलवार रात चोर तार काटकर ले गए। बुधवार सुबह जब किसान सिंचाई और अन्य कार्यों के लिए खेतों पर पहुंचे तो कई खंभों से तार गायब मिले। विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
उन्होंने बताया कि लगातार हो रही विद्युत तार चोरी की घटनाओं से निगम को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे पहले गांव कल्याणपुर में भी चोर करीब 40 खंभों से विद्युत तार चोरी हो चुके हैं। वहीं दो दिन पहले रोहटा थाना क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में विद्युत खंभों से तार चोरी की घटना सामने आई थी। पोहल्ली गांव में भी 16 खंभों से विद्युत लाइन के तार चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों और किसानों में रोष व्याप्त है।
भीषण गर्मी के बीच पहले से ही बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों की परेशानी अब और बढ़ गई है। क्षेत्र में लो वोल्टेज और कटौती की समस्या से लोग पहले ही परेशान हैं। वहीं तार चोरी होने से कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे किसानों को सिंचाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एंटी पावर थेफ्ट थाने में चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -उमेर खान, एसडीओ, भोला झाल