अवर अभियंता ने ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। कस्बे के मंदवाडी मार्ग पर गन्ने लदे ओवरलोड ट्रक ने विद्युत खंभे में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। खंभा टूटकर पास की दुकान पर गिर गया। दुकान पर काम करने वाले दो नौकर चपेट में आने से बाल-बाल बचे। अब से पहले भी गन्ने के ट्रक से इसी मार्ग पर घटनाएं हो चुकी हैं।
रविवार को मंदवाड़ी मार्ग पर गन्ने के ओवरलोड ट्रक से खंभा टूट गया। गुस्साए लोगों ने ट्रक रोककर हंगामा कर दिया। हंगामे से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगने से जाम लग गया। मामले की जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता अशोक कुमार व पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
मुकेश सैनी, मोनू देवपाल, हरीश भाटी, राजकुमार, परशुराम, फैजान फरीदी, शैकी पाल आदि ने थाने में तहरीर देकर बताया कि ओवरलोड गन्ने के वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गन्ने के ट्रक से पोल टूटकर गिरने से दुकान पर बैठे सभासद व उनके दो नौकर बाल-बाल बचे। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर भीड़भाड़ रहती है। रास्ते से भारी वाहन नहीं निकल पाते। गन्ना लदे ओवरलोड ट्रकों पर प्रतिबंध लगाने के लिए नगर पंचायत व थाना पुलिस को तहरीर दी है। इस दौरान सहकारी समिति के चेयरमैन तनजेब चौधरी, राजकुमार, रोहताश सैनी, राजेश मिस्त्री, हरीश, रणबीर, योगिंद्र, भोपाल चौधरी, विकास, राहुल डाॅ. देवदत्त सैनी, ओमबीर आदि ने समाधान की मांग की है। विद्युत विभाग के अवर अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी है।