ग्राम हरबंशवाला में मंगलवार को हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़ापुर(बिजनौर)। ग्राम हरबंशवाला में रेफ्रिजरेटर में आए विद्युत करंट की चपेट में आकर 11 माह के बच्चे हर्ष राठौर की मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में मातम छा गया।
ग्राम हरबंशवाला निवासी नरेश कुमार का 11 माह का पुत्र हर्ष राठौर मंगलवार को घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते हर्ष घर में रखी रेफ्रिजरेटर के पास जा पहुंचा। तार में कट लगा होने के कारण रेफ्रिजरेटर की पीछे लगी जाली में करंट आ रहा था।
इस जाली के चपेट में आकर हर्ष को करंट लग गया और वह बेहोश हो गया। परिजन बालक को गांव के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। होश नहीं आने पर बालक को बढ़ापुर में एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से बालक के परिजनों में मातम छा गया।
चार अक्तूबर को था जन्मदिन
हर्ष तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों के मुताबिक उसका चार अक्तूबर को जन्मदिन था। परिवार ने जन्मदिन धूमधाम से मनाने और माता रानी का जागरण कराने की तैयारी कर रखी थी।