जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए शुक्रवार को नामांकन होगा। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन होगा और उसके तुरंत बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। डीएम पंकज यादव ने पूरी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
बृहस्पतिवार को उन्होंने उपजिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी प्रशासन दिनेश चंद्रा और एसपी सिटी ओम प्रकाश के साथ बैठक की। चुनाव पूरी निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता से संपन्न कराने की योजना बनाई। डीएम ने कहा कि चुनाव में किसी तरह का दबाव नहीं माना जाएगा।
गुर्जर वोटों ने बिगाड़ा भाजपा का समीकरण
भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में गुर्जर वोटों ने पूरा गणित बिगाड़ दिया है। मुखिया गुर्जर अपने बेटे के लिए गुर्जर वोटों पर सबसे ज्यादा आस लगाए हुए थे।
लेकिन रोहताश पहलवान को छोड़कर अन्य सभी वोट सपा खेमे में नजर आ रहेे हैं। जबकि इस दौरान अन्य वोटों पर भी सपा ने डोरे डाल लिये।
जिला पंचायत चुनाव में सबसे ज्यादा गुर्जर सदस्य जीत कर आये हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा प्रत्याशी कुलविंदर और सपा प्रत्याशी सीमा प्रधान भी गुर्जर बिरादरी के हैं। ऐसे में दोनों की ही नजर गुर्जर बिरादरी पर थी। लेकिन भाजपा ज्यादा आशान्वित नजर आ रही थी। लेकिन ऐन वक्त पर भाजपा का पूरा गणित गुर्जर वोटों ने बिगाड़ कर रख दिया है।
गुर्जर बिरादरी से ये सदस्य जीते
गुर्जर बिरादरी से कुलविंदर और सीमा के अलावा बबीता, मुकेश, सुबोध, तनु, डा. मनोज अधाना, रोहताश पहलवान, जितेंद्र और कुसुम जीतकर आये हैं। लेकिन सपा ने जो परेड़ कराई है, उसे देखें तो भाजपा के पास इस समय कुलविंदर और रोहताश पहलवान ही नजर आ रहे हैं। जबकि मुकेश चरला अभी तटस्थ नजर आ रहे हैं।
सपा के पैंतरे से भाजपा में खलबली
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में अब तक मजबूत नजर आ रहे भाजपा खेमे में सपा के एक ही पैंतरे ने बेचैनी पैदा कर दी है। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मोदी की रैली में गए भाजपाइयों के बीच भी सपा द्वारा करायी गयी नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों की परेड की ही चर्चा होती रही। अब भाजपाई नये सिरे से मंथन में जुट गए हैं।
जिला पंचायत चुनाव में भाजपा दस सदस्यों के साथ मजबूत स्थिति में थी। कुल 34 सदस्यों के सदन में अध्यक्ष निर्वाचित कराने के लिए आठ और सदस्य जुटाने थे। इसके विपरीत सपा के मात्र चार ही सदस्य जीत कर आये थे और उसे बहुमत के लिए 14 सदस्यों को जुटाना था। इस बीच तटस्थ बसपा के नौ सदस्य जीत कर आए हैं।
भाजपा ने अपना प्रत्याशी डेढ़ माह पहले घोषित कर दिया था, जबकि सपा प्रत्याशी मात्र 10 दिन पहले घोषित हुआ। भाजपा खेमा लगातार 25 सदस्यों के बहुमत का दावा कर रहा था। लेकिन बुधवार को सपा ने 19 नवनिर्वाचित सदस्यों की परेड कराकर ऐसा बम फोड़ा कि भाजपा खेमा सुन्न हो गया।
शुक्रवार को दिनभर भाजपाइयों के बीच सपा के इस पैंतरे की चर्चा रही। कुछ लोग जहां चुनाव हाथ से निकल जाने की बात करते नजर आये, तो कुछ ने अभी भी उम्मीद नहीं छोड़ी है।
पांच साल में खूब कराए विकास कार्य : मनिंदरपाल
मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेज वन स्थित अपने कार्यालय पर बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदरपाल सिंह ने प्रेसवार्ता की। मनिंदरपाल ने कहा कि उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में जिला पंचायत की निधि से जनपद के तमाम गांवों में विकास कार्य कराए।
उत्तर प्रदेश में मेरठ की जिला पंचायत को सर्वश्रेष्ठ जिला पंचायत का अवार्ड दिलाया। अवार्ड के तहत मिली 50 लाख रुपये की राशि को विकास कार्यों में लगाया। गंगा स्नान और नौचंदी मेले कराए। 7 जनवरी को मौलिक अधिकार के तहत वह अध्यक्ष पद का चार्ज छोड़ देंगे।
नए अध्यक्ष के शपथ लेने तक पद पर बने रहेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष बनने पर जो कोठी मिली थी, उसकी चाबी 13 जनवरी को स्टोर कीपर को सौंप देंगे। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र कुसैड़ी, केपी सिंह मछरी, सतीश भलसौना, बिल्लू, जयकेश आदि मौजूद रहे।