संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। दून हाईवे पर पल्लवपुरम फेस-वन के सामने बृहस्पतिवार सुबह दूध लेने जा रहे एक वृद्ध को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध और बाइक सवार युवक दोनों घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।
पल्लवपुरम फेस-वन के सीएच पॉकेट निवासी 60 वर्षीय हरीश कुमार रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे पुरानी एलआईसी मोदीपुरम के पीछे स्थित पशु डेयरी से दूध लेने जा रहे थे। वह फेस-वन कट से हाईवे की एक लेन पार कर डिवाइडर पर पहुंचे और दूसरी लेन पार करने लगे। इसी दौरान कंकरखेड़ा की ओर से दौराला जा रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरीश कुमार का दूध का डिब्बा सड़क पर जा गिरा और दोनों काफी दूर जा गिरे। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम ने बाइक सवार कार्तिक निवासी शिव चौक, कंकरखेड़ा को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया। वहीं घायल हरीश कुमार को भी एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार कराया गया है। मामले में अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।