बहसूमा। सड़क हादसे में घायल करीमपुर निवासी सोहनवीर (65) की मौत हो गई। हादसे के बाद उपचार कराकर दो अक्तूबर को उन्हें घर लाया गया था। शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे गौरव कुमार की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरव कुमार के अनुसार, 20 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे उनके पिता सोहनवीर गणेशपुर मार्ग से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेरठ की ओर से आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार कराया गया। हालत में कुछ सुधार होने पर दो अक्तूबर को उन्हें घर लाया गया था। शनिवार को फिर तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर हादसे की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर बाइक चालक की तलाश में लगी है।
-