संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मंगलवार की शाम मेरठ-करनाल हाईवे पर दबथुवा गांव में बाइक की टक्कर लगने से घायल हुए वृद्ध ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में अब मृतकों की संख्या दो हो गई है। मंगलवार शाम दबथुवा गांव में बहादरपुर निवासी 20 वर्षीय देव नेहरा बाइक पर सवार होकर आ रहा था। गांव के कट पर उसकी बाइक से दबथुवा निवासी लगभग 60 वर्षीय कैलाश टकरा गए। टक्कर लगने से देव और कैलाश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। देव की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कैलाश को कंकरखेड़ा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात उन्होंने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
नानू गंगनहर पुल पर ट्रक की टक्कर से मौसी व भांजा घायल
सरधना (मेरठ)। मेरठ–करनाल हाईवे पर नानू गंगनहर पुल के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मौसी और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना में भर्ती कराया गया।
हापुड़ जनपद के गढ़ थाना क्षेत्र के कनोर गांव निवासी मनीष पुत्र पप्पू ने बताया कि वह कंकरखेड़ा के मेहंदी मोहल्ले में अपनी मौसी ब्रह्मपाली पत्नी कैलाश प्रकाश के घर आया हुआ था। बुधवार दोपहर वह मौसी को लेकर बाइक से नानू गंगनहर की ओर घूमने जा रहा था। पुल के नजदीक पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने घायलों को सीएचसी सरधना में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद