सर्प के डसने के बाद सीएचसी पर मौजूद पीडि़त मुंशी का फोटो। (परीक्षितगढ)
परीक्षितगढ़। पशुओं के लिए चारा लेने गए एक वृद्ध को सांप ने पैर में डस लिया। पीड़ित की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे और आननफानन में सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
खादर क्षेत्र के गांव नदलीपुर निवासी मुंशी (65) पुत्र अशरफ शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गए थे। चारा काटने के बाद वह एक पेड़ के नीचे बैठ गए तभी एक सांप ने उनके बाएं पैर में डस लिया। पीड़ित ने सांप को डसते हुए देखकर शोर मचा दिया। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीण मुंशी को आननफानन में उपचार के लिए सीएचसी पर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक प्रवीण पंवार व राहुल ने प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि चिकित्सक द्वारा रेफर करने के बाद एंबुलेंस के लिए 108 पर कॉल किया। कॉल एक महिला अधिकारी ने रिसीव की। चिकित्सक व ग्रामीणों द्वारा बार-बार जानकारी दी, लेकिन महिला अधिकारी की कुछ समझ में नहीं आया, जबकि मरीज की हालत गंभीर थी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. रवि शंकर शर्मा ने बताया बरसात के मौसम में जंगल व खेत में जाते समय सावधानियां बरतें। बरसात के मौसम में बिलों में पानी भरने से सांप बाहर निकलते हैं। सांप द्वारा काटे जाने पर तुंरत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाएं। झाड़ फूंक के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए।