सड़कों के पैचवर्क पर आठ लाख खर्च, फिर भी नहीं भरे गड्ढे
गंगानगर। नगर निगम अफसर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कितने गंभीर है इसकी बानगी गंगानगर में देखने को मिल जाएगी। सड़क पर गहरे गड्ढे हैं। ऐसा नहीं है कि सड़क की मरम्मत के लिए काम नहीं हुआ। आठ लाख रुपये खर्च कर सड़क पर पैचवर्क किया गया, लेकिन घटिया सामग्री से। इतना ही नहीं यह पैचवर्क का काम भी अधूरा छोड़ दिया गया। यानि आठ लाख खर्च के बाद भी ज्यादातर गड्ढे जस के तस हैं। अफसरों का कहना है कि काम पूरा हो चुका, लेकिन उनके सीनियरों का कहना है कि शिकायत के बाद काम बंद किया गया है।
दरसल लगभग दो माह पूर्व नगर निगम द्वारा गंगानगर में पैचवर्क शुरू हुआ था। आठ लाख बीस हजार रुपए की लागत से डिवाइडर रोड, गर्मपानी रोड व अन्य जगह के गड्ढे भरे जाने थे। काम शुरू होते ही निर्माण कार्य में घपले और घटिया सामग्री की शिकायत क्षेत्र के लोगों ने सीएम पोर्टल पर कर दी। हालांकि इसके बाद भी कार्य जारी रहा, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र की ज्यादातर सड़कें अभी भी बदहाल हैं। एच ब्लॉक, के ब्लॉक पर कदम-कदम पर गड्ढे हैं। गर्म पानी रोड पर जलभराव हो रहा है।
पैचवर्क खत्म हो चुका
नगर निगम के जेई अनुज कुमार का कहना है कि अधिकारिक रूप से पैचवर्क समाप्त हो चुका है, लेकिन जहां भी गड्ढे बचे हैं, उनमें पैचवर्क करा दिया जाएगा।
काम शिकायत पर बंद हुआ
शिकायत चलते कार्य बंद कराया
मुख्य अभियंता यशवंत का कहना है कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद जेई समेत अन्य अधिकारियों से कार्य की रिपोर्ट मांगी गई है। शिकायत के चलते कार्य बंद करा दिया गया था।