बैंक कर्मचारी सेे ब्लैकमेलिंग कर वसूल लिए थे तीन लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि के सामने संचालित द सीजर फैमिली यूनिसेक्स सैलून मसाज पार्लर की संचालिका भाटवाड़ा मोहल्ले की आहाना समेत आठ आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने रविवार रात कार्रवाई कर मौके से अश्लील सामग्री भी बरामद की थी। अन्य लोगों से वसूली के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
एसएसपी डा. विपिन ताडा से एक बैंक कर्मचारी ने शिकायत की थी कि वह इस स्पा सेंटर (मसाज पार्लर) में गया था। यहां कैमरे से वीडियो बनाकर कर्मचारी से ब्लैकमेलिंग की। आरोपियों ने पीड़ित से तीन लाख रुपये हड़प लिए और पांच लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। एसएसपी ने इस मामले में सीओ सिविल लाइन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था। रविवार को मेडिकल, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला थाने की पुलिस के साथ मसाज पार्लर में कार्रवाई की।
यहां से नौ महिलाओं समेत 16 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने इस मामले में मसाज पार्लर संचालिका सरधना के मोहल्ला भाटवाड़ा निवासी आहाना खान, कांशीराम कॉलोनी के खालिद, जेपी स्ट्रीट रोहटा रोड टीपीनगर के सुरेंद्र और सौरभ, भूमिया का पुल ब्रह्मपुरी के समीर, गांव अजराड़ा मुंडाली के हयात और शादाब व बड़ा गांव फलावदा के उबैज को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सूचना मिली है कि शहर में अन्य जगह भी स्पा सेंटर चल रहे हैं। इनकी भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में ली गई अन्य युवती व महिलाओं को बयान दर्ज कर छोड़ दिया गया है।