घर पर नमाज, लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंस के साथ कल मनेगी ईद
मेरठ। ईद पर पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। घरों में ही ईद की नमाज होगी। लॉक डाउन व सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के लिए जिम्मेदार लोगों के साथ मीटिंग की जा रही है। गली-मोहल्लों में पुलिस माइक से लोगों से अपील कर रही हैं।
कल ईद है। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। कोरोना से लोगों को बचाने के लिए लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंस का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा कि शहर काजी, नायब शहर काजी, शहर कारी और मुस्लिम समुदाय के अन्य जिम्मेदार लोगों से उनकी बातचीत हो चुकी है। जिम्मेदार लोगों ने भरोसा दिया है कि कोरोना से लड़ने के लिए सभी समुदाय के लोग एकजुट हैं। सरकार द्वारा बनाई गई व्यवस्था पर पूरी तरह से अमल कराया जाएगा। इसके बावजूद भी पुलिस ने गली मोहल्लों में जिम्मेदार लोगों के साथ सोशल डिस्टेंस बनाते हुए मीटिंग की और माइक से अपील भी की है कि लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंस का पूरी तरह से पालन किया जाए।
कोई ईदगाह नहीं जाएगी
अपील की गई है कि सभी लोग घरों में ही नमाज अदा करेंगे। कोई भी ईदगाह पर नहीं जाएगा। कोरोना से लड़ने के लिए सोशल डिस्टेंस बनाना बहुत जरूरी है। शहर और देहात में पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि ईद के त्यौहार पर व्यवस्था को बिगड़ने न दें।
बड़े अधिकारी भी कर रहे अपील
एडीजी प्रशांत कुमार और आईजी प्रवीण कुमार भी ईद की तैयारी को लेकर बनाई गई योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। लोगों से फोन पर बातचीत कर जायजा भी ले रहे हैं। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि ईद पर पुलिस की पूरी तैयारी है। कई संवेदनशील इलाकों में पीएसी और आरएएफ भी लगाई जाएगी। लोक डाउन, सोशल डिस्टेंस का हर हालत में पालन कराया जाएगा। इसको लेकर भी पुलिस की पूरी तैयारी है।
5 जोन और 15 सेक्टरों में बंटा शहर
मेरठ। ईद पर शहर को 5 जोन, 15 सेक्टरों और 62 सब सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा के लिहाज से दो कंपनी आरएएफ और तीन कंपनी पीएसी तैनात की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि प्रत्येक थाने पर पीस कमेटी की बैठक कर ली गई है। लॉक डाउन 4.0 के तहत जो निर्देश हैं, उनके बारे में सबको अवगत करा दिया गया है। सभी धर्म गुरुओं से संपर्क से वार्ता हो चुकी है। सभी सहयोग करने को तत्पर हैं। इन सभी ने ईद अपने घर पर ही मनाने के लिए सभी लोगों से अपील भी हैं। इसके लिए वीडियो भी जारी किए गए हैं। पूरा विश्वास है कि ईद का त्योहार सभी लोग अपने घरों में मनाएंगे। लॉक डाउन के जो निर्देश हैं और कोरोना के मद्देनजर जो भी एहतियात हैं, उसका सभी लोग पालन करेंगे।