दौराला में कश्यप समाज की बैठक में लोगों को संबोधित करते वक्ता।
- फोटो : LAWARD
दौराला। कस्बा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में रविवार को कश्यप समाज की महासभा आयोजित की गई। इसमें आसपास के समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने सरकार पर आरक्षण, रोजगार एवं शिक्षा को लेकर निशाना साधा।
महासभा में राकेश कुमार कश्यप ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए सबसे पहले उच्च शिक्षा ग्रहण करने की आवश्यकता है। युवा राजनीति, सरकारी पदों पर नौकरियां प्राप्त करने के लिए जागरूक हों। मुकेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा कश्यप समाज को आरक्षण दिया गया है, लेकिन समाज के नौजवानों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसलिए कश्यप समाज को दलित समाज के बराबर आरक्षण दिया जाना चाहिए। जिससे कश्यप समाज उन्नति, शिक्षा, रोजगार व राजनीति तक पहुंच सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उम्मेदपाल ने समाज की महासभा में दहेज प्रथा का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पूरे भारत देश में दहेज प्रथा बंद होनी चाहिए। आज आदमी ही आदमी का दुश्मन है, दहेज के लोभ में हम अपनी ही बेटियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कश्यप समाज की आरक्षण की मांग पूरी नहीं की गया तो आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार ने किया। इस मौके पर सुरेंद्र कश्यप, डॉ. विपिन, कर्ण सिंह, ऋषिपाल, संजय कश्यप, नरेंद्र, नरेश, रामप्रसाद, ओमपाल, विनित व मोहन आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।