लावड़(मेरठ)। मीठेपुर मार्ग स्थित एक चिकन रेस्टोरेंट संचालक को बाइक सवार युवकों ने चिकन खाने के बाद पैसे मांगने पर गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और मौके से खोखे बरामद किए हैं। रेस्टोरेंट पर मौजूद लोगों ने हमलावरों की बाइक का नंबर नोट कर पुलिस को दिया है। पुलिस इस नंबर के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी जफर पुत्र अमीरुद्दीन मीठेपुर मार्ग स्थित एक मंडप के सामने चिकन रेस्टोरेंट है। शनिवार शाम बाइक सवार पांच युवक शराब के नशे में उसके रेस्टोरेंट पर चिकन खाने पहुंचे। चिकन खाने के बाद युवक बिना पैसे दिए जाने लगे तो जफर ने उनसे पैसे मांगे। जिस पर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर युवकों ने गोली चला दी, जिससे रेस्टोरेंट में बैठे लोगों में भगदड़ मच गई। युवकों ने तीन से चार राउंड गोली चलाई। जफर को एक गोली हाथ में और दूसरी सिर में लगी। घटना के बाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जफर को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी वरुण शर्मा का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।