पुलिस बोली- कार के टक्कर मारने की मिली सूचना
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही सदर बाजार थाना पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र के भैसाली रोडवेज बस स्टैंड पर बुधवार रात जली कोठी निवासी ई-रिक्शा चालक शहजाद (35) की मौत हो गई। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि कार की टक्कर से मौत की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सदर बाजार थाना प्रभारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि जली कोठी निवासी उस्मान ने बुधवार रात लगभग दस बजे कंट्रोल रूम पर कॉल कर सूचना दी थी कि उसके भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगाें ने बताया कि शहजाद ई-रिक्शा में सामान लेकर बस स्टैंड पर आया था। उसने ई-रिक्शा से सामान उतारकर बस में रख दिया था। इसके बाद वह वापस लौट रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसे टक्कर मार दी। लोगों ने उसे उठाकर उसके रिक्शे में ही बैठा दिया। परिजनों ने पुलिस से मामले की जांच की मांग की। पुलिस देर रात तक सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही। सीओ कैंट एएसपी नवीना शुक्ला का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे में मौत की बात सामने आई है। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इससे मौत का कारण स्पष्ट होगा। सीसीटीवी फुटेज से घटना की जानकारी होगी।