एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में ई-हॉस्पिटल व्यवस्था परवान नहीं चढ़ पा रही है। जागरूकता केअभाव में मरीज ऑनलाइन पर्चा बनवाने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। मरीज घंटों लाइन में लगकर पर्चा बनवा रहे हैं, जबकि वह घर बैठे ऑनलाइन पर्चा बनवाकर तय कर सकते हैं किस चिकित्सक को दिखाना है।
मेडिकल कॉलेज में ऑनलाइन पर्चा बनाने की व्यवस्था 13 अक्तूबर 2018 को शुरू हुई थी। तब से अब तक यानि 20 जून तक सिर्फ 200 पर्चे ऑनलाइन बने हैं। औसतन बामुश्किल हर रोज सिर्फ एक पर्चा बन पा रहा है। इसकी वजह लोगों में जागरुकता का अभाव है। लोगों को जागरूक करने केलिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन भी किसी तरह का प्रचार-प्रसार नहीं कर रहा है।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि जो ऑनलाइन पर्चा बनवाते हैं, उनके लिए मेडिकल में अलग से काउंटर भी बना हुआ है। ऑनलाइन पर्चा बनवाने वाले वहां जाकर सिर्फ पर्चे का नंबर बताएं और अप्वाइंटमेंट पाएं। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने की कोशिश की जा रही है।
ऑनलाइन पर्चा बनवाने के और भी हैं लाभ
ई-हॉस्पिटल एक वेब आधारित पोर्टल है, जिसके माध्यम से रोगियों को 20 से ज्यादा मॉड्यूल की सुविधा प्रदान होती है। रोगियों को उनके पंजीकरण के समय ही एक यूआईडी नंबर प्रदान किया जाता है, जिसके आधार पर रोगियों की ऑनलाइन हिस्ट्री का परीक्षण करते हुए उचित परामर्श दिया जाना संभव होता है।
आधार कार्ड है जरूरी
इस ऑनलाइन प्रक्रिया में परामर्श का समय लेने के लिए आधार कार्ड जरूरी है। अगर नहीं है तो इसके लिए पर्चा काउंटर पर ही जाना होगा।
इस तरह ले सकते हैं परामर्श समय
- www.ors.gov.in पर जाकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आएगा।
- आधार कार्ड चुनिए।
- राज्य, जिला, अस्पताल और समस्या आदि चुनिए।
- वह तारीख चुनिए जिस दिन आपको डॉक्टर को दिखाना है।
- आखिर में आपके मोबाइल पर रजिस्ट्रेशन नंबर का मेसेज आएगा।
- इस मेसेज को अस्पताल में पर्चा काउंटर पर दिखाएं।
- इस नंबर से अपने परामर्श का पर्चा निकलवाएं और संबंधित डॉक्टर के पास जाएं।
- जिस तारीख का परामर्श समय लिया है उसका प्रिंट आउट लेकर भी जा सकते हैं।