बागपत, बालैनी। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर जानी के समीप ट्रक की टक्कर में बाइक पर सवार दत्तनगर गांव की बिरजो (60) की मौत हो गई। इसका पता चलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
दत्तनगर गांव की रहने वाली बिरजो सोमवार शाम अपने दामाद सचिन के साथ बाइक पर सवार होकर मेरठ जा रही थी। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर जानी के समीप पहुंचे तो एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बिरजो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दामाद सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। मेरठ पुलिस ने घायल का निजी अस्पताल में उपचार कराया। हादसे का पता चलने पर परिजन भी मेरठ पहुंच गए।
- बाइकों की भिड़ंत में युवक गंभीर घायल
बालैनी। बस स्टैंड पर पिता के साथ दवाई लेने जा रहे शेखर की बाइक में दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, वहां से मेरठ रेफर कर दिया गया। घायल के पिता की तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।