दर्वेशपुर गांव में चाऊमीन की दुकान पर मीट और अवैध शराब बेचने के विरोध को लेकर शनिवार रात संघर्ष हो गया। इससे दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की गई। दोनों पक्षों ने तीस राउंड से अधिक फायरिंग की गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। रात में एक बार फिर दोनों पक्ष थाने में आमने-सामने आ गए।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के दर्वेशपुर गांव में कपिल (दलित पक्ष) की चाऊमीन की दुकान है। दूसरे पक्ष से विपिन पुत्र रतिराम (गुर्जर) का आरोप है कि कपिल चाऊमीन की आड़ में मीट और अवैध शराब बेचता है। इससे दुकान के बाहर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। शनिवार रात करीब पौने दस बजे विपिन और उसके भाई विनीत ने कपिल की दुकान पर पहुंचकर मीट और अवैध शराब की बिक्री को लेकर विरोध जताया। इस पर कपिल की दोनों भाइयों से कहासुनी हो गई। इस बीच कपिल के पक्ष में आए दलितों ने झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। कपिल की दुकान पर दलितों की भीड़ जुटी तो विपिन पक्ष के लोग भी चौराहे पर आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे के घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की।
आरोप है कि कपिल पक्ष की महिलाओं ने छत पर चढ़कर पथराव कर दिया। इससे कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों के लोगों ने हवाई फायरिंग की। इससे गांव में भगदड़ मच गई। दोनों पक्षों की ओर से तमंचे और पिस्टल से तीस से अधिक राउंड हवाई फायरिंग की। पथराव में कपिल पक्ष से रिंकू, कपिल, रामे, रामजीलाल, सरोज, रजनी चोटिल हो गए। विपिन पक्ष से अंजलि, पूजा, मनु, हरीश, राजू, विनीत घायल हो गए। कंट्रोल रूम पर फायरिंग की सूचना मिलते ही एसओ परीक्षितगढ़ ओमप्रकाश और एसओ भावनपुर फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा। एसओ परीक्षितगढ़ का कहना है कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट, पथराव और फायरिंग का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात
एसपी देहात डॉ. प्रवीण रंजन का कहना है कि कुछ लोगों ने चाऊमीन की दुकान पर शराब बिक्री का आरोप लगाया है। इसके बाद ही दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। मारपीट और फायरिंग के मामले में एसओ को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
पुलिस के सामने एलान
रात में दोनों पक्षों के लोग परीक्षितगढ़ थाने में जुटे तो फिर से पुलिस में अफरातफरी मच गई। एसओ के सामने दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ एलान करके भुगत लेने की धमकी दी। थाने में ही पुलिस के सामने टकराव की स्थिति बन गई। भीड़ को देखते हुए दूसरे थाने से पुलिस बुलाकर परीक्षितगढ़ थाने पर तैनात की गई है।