भारी बारिश में शहर की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई। 33 केवी से लेकर 11 केवी लाइनों में फाल्ट हो गए और कई ट्रांसफार्मर फुंक गए। बारिश बंद होने केे घंटो बाद ही फाल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति सामान्य की जा सकी। शाम को बिजली नहीं होने से लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल सका। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शाम करीब पौने छह बजे शुरू हुई बारिश करीब एक घंटे तक चलती रही। भारी बारिश में पीवीवीएनएल का पावर सिस्टम जवाब दे गया। 220 मोदीपुरम ट्रांसमिशन और 132 केवी मेडिकल और 132 केवी शताब्दी नगर ट्रांसमिशन से शहर के बिजलीघरों तक पहुंच रही 33 केवी लाइनों और बिजलीघरों से फीडरों के लिए जा रही 11 केवी लाइनों में जगह-जगह फाल्ट हो गए। इसके चलते नौचंदी, लेडीज पार्क, एमईएस, पुराना आरटीओ, मलियाना, टाउन हाल, पीएल शर्मा, लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, विकासपुरी, माधवपुरम, शारदा रोड, मोहकमपुर आदि बिजलीघर क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। देर शाम तक कर्मचारी फाल्ट ढूंढने के लिए पेट्रोलिंग करते रहे। काफी देर बाद फाल्ट मिलने के बाद ही इन्हें ठीक किया जा सका। रात दस बजे तक ही बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से सामान्य हो सकी। शाम को बिजली गुल होने से नगर निगम द्वारा आपूर्ति किया जाने वाला पानी भी घरों तक नहीं पहुंच सका। अधीक्षण अभियंता शहर बीएम शर्मा ने बताया कि बारिश के चलते दर्जनों जगह पर फाल्ट हो गए थे, जिसके चलते बिजली प्रभावित हुई। फाल्ट अटैंड कराकर आपूर्ति सामान्य कर दी गई।