अवैध भंडारण और नकली दवाइयों की शिकायत पर सील किया था मकान
-कॉस्मेटिक सामान की बिक्री का नहीं था लाइसेंस, अधिनियम में होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। औषधि निरीक्षक ने बृहस्पतिवार को अवैध भंडारण और नकली दवाइयों के व्यापार की शिकायत पर मकान सील कर दिया था। शुक्रवार देर शाम मजिस्ट्रेट के सामने सील खोलकर औषधि निरीक्षक ने जांच की। जांच में मकान के अंदर कॉस्मेटिक सामान का भंडारण मिला।
महादेवपुरम स्थित फ्लैट में शुक्रवार को देर शाम करीब आठ बजे औषधि निरीक्षक उमेश भारती नामित मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार फैसल कमर के साथ पहुंचे। यहां उन्होंने परिजनों की मौजूदगी में ताला खुलवाकर जांच की। जांच में अधिकारियों को 10 डिब्बे कॉस्मेटिक सामान मिला। इसमें मुंह धोने वाले क्रीम, शैंपू सहित अन्य कॉस्मेटिक सामान था। देर शाम तक सामान की जांच चलती रही। जांच पूरी नहीं होने की वजह से अधिकारी कॉस्मेटिक सामान की कीमत का अनुमान नहीं लगा पाए। कॉस्मेटिक सामान कहां-कहां सप्लाई होता था, इस बिंदु की भी जांच चल रही है।
दरअसल, बृहस्पतिवार को एक शिकायत पर औषधि निरीक्षक सहित तीन सदस्य टीम के साथ महादेवपुरम में एक मकान की जांच करने पहुंचे थे। शिकायतकर्ता ने एक फ्लैट में अवैध भंडारण और नकली दवाइयों के व्यापार करने की शिकायत की थी। टीम को देख एक महिला मकान का ताला लगाकर चली गई थी। जिसके बाद ताला खुलवाने के लिए औषधि निरीक्षक ने तहसील पहुंचकर मजिस्ट्रेट नामित कराया। नायब तहसीलदार को मजिस्ट्रेट नामित किया था। नामित मजिस्ट्रेट जरूरी काम बताकर रास्ते में ही उतर गए थे। इसके चलते औषधि निरीक्षक ने मकान को सील कर दिया था। उधर, मकान मालिक राजीव का कहना है कि वह बृहस्पतिवार को मेरठ में डॉ. के यहां खुद को दिखाने गए थे। जिस वजह से वह जांच के लिए नहीं आ पाए।
वर्जन::
जैसी शिकायत हुई थी, वैसा जांच में कुछ नहीं मिला है। कॉस्मेटिक सामान के नमूने लिए जा रहे हैं। कॉस्मेटिक सामान की बिक्री का लाइसेंस नहीं था। इसके चलते कॉस्मेटिक अधिनियम में कार्रवाई की जाएगी।
.... उमेश भारती, औषधि निरीक्षक, बिजनौर