मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के नूरनगर की आफाक कॉलोनी में थोक किराना की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने चार लाख के सूखे मेवे (ड्राई फ्रूट) और 20 हजार की नकदी चोरी कर ली। आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। वे छत के रास्ते दुकान में पहुंचे और तीनों गेट तोड़ दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चोरों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार आफाक कॉलोनी में शकील कोटले वालों के नाम से किराना की दुकान है। मदीना कॉलोनी निवासी दुकानदार शकील ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार रात दुकान बंद करके चले गए। शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे। अंदर देखा तो अधिकतर सामान बिखरा था। चोर यहां से ड्राईफ्रूट व गल्ले में रखे बीस हजार रुपये ले गए। सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी यहां नहीं मिली।
देखने पर पता चला कि चोर छत के रास्ते से अंदर घुसे थे। ऊपर की मंजिल का गेट टूटा पड़ा था और नीचे अंदर के कमरों के गेट भी तोड़े गए थे। आशंका जताई जा रही है कि चोर दुकान के बराबर में स्थित टायर गोदाम के रास्ते छत पर चढ़े और वहां से दुकान में दाखिल हुए। सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि चोरों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।