नशे में युवक ने गाड़ीवाला चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। आरोप है कि युवक ने चेकपोस्ट में रखी कुर्सी आदि सामान में तोड़फोड़ की और वाहनों पर पथराव कर दिया। करीब एक घंटे तक चले उत्पात के बाद वाहन चालकों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मामला यूपी के शामली जनपद का है।
गुरुवार शाम लगभग छह बजे करनाल हाईवे स्थित गाड़ीवाला चौराहे पर शामली निवासी सरदार परमजीत सिंह पहुंचे। नशे की हालत में उसने पहले गाड़ीवाला चौराहे स्थित पुलिस चेकपोस्ट में घुसकर कुर्सी सहित अन्य सामान तोड़ दिया। चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी मदनपाल ने जब उसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर वर्दी तक फाड़ दी।
इसके बाद आरोपी ने बीच सड़क में पहुंचकर शामली की ओर से आ रहे वाहनों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। वाहन चालकों ने अपने वाहनों को रोककर उत्पात मचा रहे सरदार को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर थाना झिंझाना भिजवाया। करीब एक घंटे तक चलते उत्पात के दौरान थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम परमजीत सिंह निवासी शामली बताया है। उसने कोई नशा किया हुआ है। जिस कारण वह अपने होश हवास में नहीं है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। होश में आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/