सरधना में एक्सपायर दवा मिलने का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सरधना में एक्सपायर दवा मिलने के मामले में दवा व्यापारियों का आरोप है कि औषधि विभाग की टीम भूमिका संदिग्ध है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आरोपियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
औषधि विभाग की टीम सोमवार को खैरनगर पहुंची, मगर व्यापारी के न मिलने पर उन्होंने लक्ष्मी फार्मा मेडिकल स्टोर की सील नहीं खोली। इस संबंध में होल सेलर और रिटेलर केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री घनश्याम मित्तल का कहना है कि औषधि विभाग की कार्रवाई से दवा व्यापारी संतुष्ट नहीं हैं। सोमवार को छुट्टी के बावजूद दवा व्यापारी के यहां औषधि विभाग की टीम क्यों आई। उनकी भूमिका संदिग्ध लग रही है। इस संबंध में उनकी एसोसिएशन जिलाधिकारी से मुलाकात करेगी। वहीं, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल का कहना है कि विभाग को सख्त कार्रवाई नहीं करेगा तो यह औषधि विभाग की नाकामी होगी।
सरधना में औषधि विभाग की टीम ने पांच नवंबर को करीब 20 लाख रुपये कीमत की एक्सपयार दवाएं बरामद की थीं, जिनकी तारीख बदलकर उन्हें बेचा जा रहा था। इस मामले में औषधि विभाग की टीम ने शनिवार को खैरनगर में लक्ष्मी फार्मा मेडिकल स्टोर पर सील लगाई गई थी। यहां जांच की जानी है कि सरधना में मिली एक्सपायर दवाओं का यहां से कोई जुड़ाव तो नहीं है।