नोट- बागपत के ध्यानार्थ
-
रोहटा क्षेत्र में गंग नहर पटरी पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा(मेरठ)। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर पूठखास गांव के पास वन विभाग की नर्सरी के सामने सोमवार दोपहर दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में एक कार चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार दंपती और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी रोहटा में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रोहटा थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर मढ़ी निवासी नवीन शर्मा (48) सोमवार दोपहर अपनी पत्नी बबीता (42) और बेटे आशुतोष (17) के साथ वैगनआर कार से अपनी बहन की ससुराल जटपुरा जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे उनकी कार पूठखास गांव के सामने वन विभाग की नर्सरी के पास पहुंची। इसी दौरान हरिद्वार की ओर से तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार ने ओवरटेक करते समय सामने से वैगनआर में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सीएचसी रोहटा पहुंचाया। चिकित्सकों ने स्विफ्ट कार चालक को मृत घोषित कर दिया। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र के गांव बंदपुर निवासी भूपेंद्र (40) पुत्र श्रीपाल के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दी।
हादसे के कारण कांवड़ पटरी मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।