मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की आंबेडकर नगर काॅलोनी में किराये के मकान में रह रहे चालक विनोद जाटव (52) ने फंदा लगाकर जान दे दी। विनोद ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी, बच्चों और साली पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। वहीं पत्नी मिथलेश पर एक युवक से संबंध होने का आरोप भी लगाया। इधर मिथलेश ने भी विनोद पर एक महिला से संबंध होने के आरोप लगाए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से बुलंदशहर निवासी मिथलेश जाटव की शादी 25 साल पहले विनोद जाटव से हुई थी। दोनों के एक बेटी और तीन बेटे हैं। विनोद आंबेडकर काॅलोनी में राजेश के घर में किराए पर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि दस महीने से विनोद और मिथलेश के बीच विवाद चल रहा था। जिसके चलते मिथलेश बच्चों और बहन के साथ छोटा हसनपुर में रह रही है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि विनोद जाटव ने फोन पर मिथलेश की बहन रेनू से गाली गलौज और अभद्रता की थी। जिसकी शिकायत मंगलवार को मेडिकल थाने में की गई थी। पुलिस ने फोनकर विनोद को थाने आने के लिए कहा था लेकिन देर रात उसने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सीओ ने बताया कि मिथलेश ने आरोप लगाया है कि विनोद के किसी महिला से संबंध हैं जिसका वह विरोध करती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। वहीं विनोद ने भी सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक से बात करती थी। वह युवक राजनैतिक दल से जुड़ा हुआ है। विनोद ने साली रेनू और अपने बच्चों पर भी उत्पीड़न का आरोप लगाया। सीओ ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।