मवाना। विद्यादीप ग्लोबल स्कूल की कक्षा छह की प्रतिभाशाली छात्रा दृष्टि ने बैडमिंटन में उत्तर प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त कर जनपद व विद्यालय का मान बढ़ाया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन प्रतिष्ठित वीर बहादुर स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में हुआ है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में छात्रा एवं उनके अभिभावकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें पुष्पगुच्छ व स्मृति-चिह्न देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने कहा कि दृष्टि की यह सफलता कठोर परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि दृष्टि भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी परचम लहराएगी। उप प्रधानाचार्य ललिता त्यागी ने दृष्टि को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।