सठला गांव में पानी की आपूर्ति नहीं होने हंगामा करते ग्रामीण स्रोत संवाद
सठला गांव के ग्रामीणाें ने किया हंगामा, सीएम पोर्टल पर करेंगे शिकायत
मवाना। क्षेत्र के गांव सठला में जल जीवन मिशन के अंतर्गत टंकी निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद गांव में पानी की आपूर्ति नहीं होने से गंभीर बीमारियां फैल रही है जिसे लेकर ग्रामीणों ने पानी आपूर्ति की मांग को लेकर हंगामा किया।
सठला गांव में सरकार ने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल देने के उद्देश्य से करीब दो वर्ष पूर्व पानी की टंकी का निर्माण कराया था लेकिन अभी तक पानी आपूर्ति नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश है। इस मामले में शिक्षा युवा सेवा समिति के अध्यक्ष साजिद खान, आदिल खान, मूसा, मजलिस, दिलशाद, शादाब, फरहान, युसूफ आदि ने हंगामा करते हुए बताया कि ठेकेदार और विभाग की लापरवाही को देखते हुए गांव में अभी पानी की सप्लाई नही की गई।
गांव के नलकों का पानी साफ नहीं है इसलिए दूषित पानी पीने से बीमारियों का खतरा बना है। कुछ लोग तो बीमार हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने की बात कहीं। साथ ही चेतावनी दी कि जो अधिकारी इस कार्य में लापरवाही कर रहे हैं उनके खिलाफ उच्च अधिकारियों से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।