सरधना। मंगलवार रात कालंद रोड पर कृपाओं की माता अस्पताल के पास टंकी की पुरानी सीमेंटेड पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से सरधना के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार सुबह पानी नहीं आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पालिका के जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कराया। कर्मचारियों ने दिनभर मरम्मत कार्य किया। देर शाम काम पूरा होने के बाद पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गई। पानी की आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिछी पुरानी सीमेंटेड पाइपलाइन जर्जर हो चुकी है। इसके चलते आए-दिन लीकेज और पाइपलाइन फटने की समस्या सामने आती रहती है। इससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने के साथ सड़क पर पानी भरने की स्थिति भी बन जाती है। लोगों ने जलकल विभाग से जर्जर पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की है।
चेयरपर्सन सबीला बेगम ने बताया कि पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण कुछ समय के लिए पेयजल आपूर्ति बाधित हुई थी। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य पूरा कर दिया है। इसके बाद पेयजल आपूर्ति दोबारा सुचारू कर दी गई।