माधवपुरम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और देवलोक कॉलोनी में जलभराव
- लोगों का नगर निगम के खिलाफ हंगामा, प्रदर्शन कर रोष जताया
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शहर में जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है। बारिश थमने के बावजूद बुधवार को दूसरे दिन भी माधवपुरम, देवलोक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। कई जगह घरों और दुकानों के सामने पानी भरा रहा। इससे नाराज लोगों ने नगर निगम के खिलाफ हंगामा और प्रदर्शन कर रोष जताया।
माधवपुरम क्षेत्र में जलभराव को लेकर लोगों में सबसे ज्यादा नाराजगी दिखाई दी। अनिल कुमार, देवेश कुमार और राहुल ने बताया कि बारिश के बाद पानी की निकासी नहीं कराई गई। नालों की सफाई व जल निकासी के इंतजाम बरसात से पहले नहीं किए गए, नतीजा जलभराव होना है।
बरसात शुरू होने के बाद नगर निगम को पंप लगाकर पानी निकालने की कवायद करनी पड़ रही है। इससे निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। माधवपुरम के पार्षद दीपक वर्मा ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन के पास निगम के तीन पंप जल निकासी के लिए लगातार लगाए गए हैं। इन पंपों के चलने से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन शहर के कई अन्य हिस्सों में अभी भी जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जलभराव को लेकर क्षेत्रीय लोगों में निगम के प्रति आक्रोश है।
देवलोक और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आसपास भी जलभराव के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। सड़क पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हुई। पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर तेज बारिश के बाद उन्हें इसी परेशानी से गुजरना पड़ता है।
अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी ने बताया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं। जहां अभी भी पानी की समस्या बनी हुई है, वहां पंप लगाकर पानी निकालने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
-