पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ व्यापारियों में आक्रोश
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। गंगानगर में पीडब्ल्यूडी विभाग का नाला निर्माण कार्य लोगों के लिए समस्या बन गया है। होटल रॉयल-9 के पास पिछले 19 दिनों से यह काम अधूरा पड़ा है। सड़क किनारे गहरा गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है।
लोगों का कहना है कि हाल ही में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा है। इसके बावजूद निर्माण कार्य में कोई तेजी नहीं दिख रही है। पर्याप्त अवरोधक, चेतावनी पट्टिका और प्रकाश व्यवस्था का अभाव है। इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के गड्ढे में गिरने का खतरा बना हुआ है। आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। स्थानीय व्यापारियों ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से शिकायत की है। उन्होंने अपनी नाराजगी भी जताई है।
स्वास्थ्य जोखिम और जलभराव
बरसात और जलभराव के कारण गड्ढे में पानी जमा हो गया है। लंबे समय से पानी भरा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है। क्षेत्रवासियों को आशंका है कि जल्द सफाई व निर्माण पूरा न होने पर मलेरिया, डेंगू का खतरा बढ़ सकता है। अन्य संक्रामक बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है।